सैनियान मोहल्ला में नई सीवर लाइन बिछाने का काम धीमी गति से चल रहा है। इस कारण डेढ़ माह से गली में सीवर का पानी जमा हो रहा है। मंगलवार को इस समस्या को लेकर मोहल्ला निवासी जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में पहुंचे और अपनी समस्या से अवगत करवाया। लोगों की समस्या सुनकर विभाग के एसडीओ ने मौके का निरीक्षण किया और ठेकेदार को नई लाइन का कनेक्शन करने के आदेश दिए। साथ ही गली में जमा दूषित पानी की निकासी करवाने को कहा।
सैनियान मोहल्ला में शीतला माता मंदिर के पास स्थित गली निवासी अमित सैनी, श्रीचंद, रामनिवास सैनी, सुभाष, रामौतार आदि ने बताया कि उनकी गली में 170 मीटर लंबी नई सीवर लाइन बिछाई जा रही है। इससे पहले वाली लाइन करीब 50 साल पुरानी थी। नई लाइन बिछाने के लिए ठेकेदार ने 4 माह पहले सड़क उखाड़ दी थी। करीब डेढ़ माह से सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा है। काम की रफ्तार काफी धीमी है। लाइन बिछाने का काम पूरा न होने के कारण गली में ही घरों से निकलने वाला सीवर का पानी जमा हो रहा है। इस कारण गली में बदबू फैली रहती है। मच्छर भी पैदा हो रहे हैं। आने जाने में काफी परेशानी होती है।
मकान में आईं दरारें
गली निवासी धर्मपाल सैनी ने बताया कि इस सीवर लाइन के कारण उसके मकान में भी दरारें आ गई हैं। धर्मपाल ने बताया कि विभाग ने पुरानी लाइन का कनेक्शन भी बरसाती नाले में किया हुआ था और इस नाले की भी कई वर्षों से सफाई नहीं की गई है। वहीं, जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ जसबीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने ठेकेदार को मौके पर बुलाया और कहा कि उसने अभी तक जितनी भी लाइन बिछाई है, उसका पुरानी लाइन से कनेक्शन कर इसे शुरू करवाए। इसके अलावा बची हुई लाइन का कार्य भी जल्द पूरा करवाए।
श्यामलाल ढाणी के लोगों का धरना जारी
सीवर समस्या को लेकर श्यामलाल ढाणी के लोगों का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। धरने पर बैठे सोनू कांगड़ा, जेपी बागड़ी, गुरुप्रसाद, सोनू लंकेश, जितेंद्र श्योराण, सुनील शर्मा, शकुंतला, उर्मिला, सपना, सोनिया, सीमा व राजरानी आदि ने बताया कि अधिकारियों ने उनसे समस्या के समाधान के लिए दो दिन का समय मांगा है। अगर इस समय सीमा में समस्या का समाधान नहीं होता है तो वह एसई कार्यालय पर तालाबंदी करेंगे।
मिलगेट रोड पर बने बरसाती नाले की सफाई करवाई जा रही है। इस रोड की सीवर लाइन ब्लॉक होने के कारण जनस्वास्थ्य विभाग ने इसी नाले में सीवर कनेक्शन जोड़ा हुआ है। उधर, ब्लॉक पड़ी सीवर लाइन की सफाई को लेकर विभाग ने एजेंसी को वर्क अलॉट कर दिया है। अफसरों का कहना है कि सीवर ओवरफ्लो होने से एजेंसी सफाई का काम शुरू नहीं कर पा रही है।