शहर के साथ लगते बरवाला रोड पर एक गांव में शनिवार को महिला सरपंच के घर बिजली चोरी पकड़ी गई। बिजली निगम की टीम का आरोप है कि महिला सरपंच के घर छापेमारी के समय उनके साथ बदतमीजी की गई। टीम के साथ गाली-गलौज की गई। सरपंच के पति ने अपने पक्ष के लिए बार के एक एडवोकेट को भी बुला लिया। बिजली निगम की टीम ने शनिवार को शहर के लगते एक गांव में छापेमारी शुरू की। यहां चार बिजली चोरी के केस पकड़ने के बाद निगम की टीम ने गांव की महिला सरपंच के घर पर छापा मारा। यहां बिजली चोरी का मामला पाया गया। बिजली निगम के जूनियर इंजीनियर अनिल कुमार, विशाल कुमार, कृष्ण कुमार, सुभाष लांबा के साथ पुलिस कर्मचारी भी थे। आरोप है कि बिजली निगम की टीम के साथ सरपंच के पति ने विवाद करना शुरू कर दिया। टीम के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे घर से निकालने का प्रयास किया। सरपंच पति ने गांव से किसी एडवोकेट को भी बुला लिया। टीम के साथ काफी देर तक बहस होती रही। बाद में बिजली निगम की टीम मौके से चली गई। बिजली कर्मचारियों ने बताया कि कुंडी डालकर बिजली चोरी की जा रही थी। जिसमें करीब पांच किलोवाट का लोड था। इसके बाद बिजली निगम की टीम ने गांव जुगलान में दो, बीड़ में बिजली चोरी का एक केस पकड़ा। सभी आरोपियों पर सोमवार को जुर्माना तय किया जाएगा। चोरी के सभी आरोपियों के कनेक्शन काट दिए हैं।