भैरी अकबरपुर गांव में घटना के बाहर घर के बाहर मौजूद ग्रामीणों की भीड़।
हिसार। भैरी अकबरपुर गांव में घर में सो रही 32 साल की मुनीष की बुधवार रात गंडासी से वार कर हत्या कर दी। वीरवार सुबह कमरे में उसका शव दो चारपाई के बीच लहूलुहान हालत में मिला। वहीं, मृतका के जेठ 45 वर्षीय जयसिंह का शव दूसरे मकान में सीढि़यों पर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर डीएसपी गौरव शर्मा, थाना प्रभारी अमर सिंह मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है।
जानकारी के अनुसार भैरी अकबरपुर गांव निवासी दौलतराम खेतीबाड़ी करता है। वह पत्नी मुनीष और दस साल के बेटे के साथ रहता है। घर के पास ही दूसरे मकान में उसका भाई जय सिंह रहता था। मुनीष कपड़े सिलाने का काम करती थी। कपड़े सीलने के लिए वह सास के घर जाती थी। देर रात को 11.30 बजे वह घर आती थी। बुधवार को वह कपड़े सिलाई के लिए दूसरे मकान में गई थी। सुबह जब उसका पति दौलतराम उठा तो दूसरे कमरे में मुनीष का शव दो चारपाई के बीच लहूलुहान हालत में मिला। पास में गंड़ासी पड़ी थी। दीवारों पर भी खून छींटे थे। कमरे के अंदर चूड़ियां बिखरी पड़ी थी।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार जय सिंह गांव में किराना की दुकान चलाता था। उसकी शादी जाखोद खेड़ा गांव की रहने वाली किरण के साथ हुई थी। उसका 14 साल का बेटा युवराज आठवीं कक्षा में पढ़ता है। कुछ समय पहले उसकी पत्नी घर छोड़ कर चली गई थी। उसे शक था कि मुनीष ने उसकी पत्नी को किसी के साथ भगाने में सहायता की थी। जय सिंह सोशल मीडिया पर उदासी भरी पोस्ट डालता था। वीरवार सुबह जयसिंह का शव घर में सीढि़यों पर रस्सी के फंदे पर लटकता मिला।
मृतका के पिता चतरसिंह चूरू राजस्थान निवासी के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
- गौरव शर्मा, डीएसपी