हिसार। सातरोड़ कलां गांव के रहने वाले युवक की मदद के बहाने उसका डेबिट कार्ड बदलकर हजारों रुपये की धोखाधड़ी की गई। पता चलने पर सदर थाना पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में सातरोड़ कलां गांव के रहने वाले सुनील ने बताया कि 17 अक्तूबर को उसका बड़ा भाई रुपये निकालने के लिए सैनिक छावनी के पास एक एटीएम पर गया था। वहां पर रुपये निकालने लगा तो रुपये नहीं निकले। इस दौरान वहां पर खड़े एक युवक ने मदद करने के बहाने से भाई से डेबिट कार्ड ले लिया और उसे पांच हजार रुपये निकालकर दे दिए। इस दौरान युवक ने डेबिट कार्ड बदल लिया और भाई को दूसरा कार्ड दे दिया। बाद में युवक ने खाते से दो बार 10-10 हजार रुपये की नकदी निकाली। अगले दिन तीन बार में 23 हजार निकाले। कुछ मिलाकर 43 हजार रुपये की धोखाधड़ी हुई। सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।