पत्रकारों से बातचीत करते पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा।
- फोटो : Hisar
हिसार। पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा ने कहा कि वह आदमपुर उपचुनाव में कुलदीप बिश्नोई की पूरी मदद करेंगे। रविवार को जिला ब्राह्मण सभा की तरफ से आयोजित सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि वह न सिर्फ उनके चुनाव प्रचार में आएंगे, बल्कि उन्हें जिताने की भी पूरी कोशिश करेंगे। मुझे उम्मीद ही नहीं, विश्वास है कि वह जीत जाएंगे।
इस दौरान उनके भाजपा में शामिल होने के सवाल पर विनोद शर्मा ने कहा कि अभी इस चुनाव की ही बात कर लें। कार्तिकेय शर्मा राज्यसभा के सदस्य बने हैं। इसमें भाजपा के जितने वोट थे और जितने की जरूरत थी, वो वोट उन्होंने कार्तिकेय को डाले हैं। इसमें कोई शक नहीं है कि उनके वोटों व दूसरे वोटों की वजह से ही कार्तिकेय राज्यसभा का सदस्य बना है। कोई मौका मदद करने का आएगा तो वह जरूर मदद करेंगे।
अंबाला में आईएमटी के बनने पर उन्होंने कहा कि अच्छी बात है कि वहां हजारों युवाओं को नौकरी मिलेगी। आर्थिक आधार पर नौकरी लगने के सवाल पर उन्होंने कहा कि आर्थिक आधार पर उन युवाओं को नौकरी मिली है, जिनके घर में कोई सरकारी नौकरी नहीं है, जिनके पास जमीन 5 एकड़ से कम है और जिनकी सालाना आय 2 लाख रुपये से कम है। भाजपा की कार्यप्रणाली पर उन्होंने कहा कि अभी हाल में हुए निकाय चुनावों में आए परिणामों से यही लगता है कि पार्टी की कार्यप्रणाली सही है और लोग इससे संतुष्ट हैं।