पत्रकारों से बातचीत करते वीरेश शांडिल्य।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विश्व हिंदू तख्त का जत्था हजारों लोगों के साथ 28 अगस्त को नूंह के प्राचीन शिव मंदिर में पहुंचेगा और सावन के आखिरी सोमवार को शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूरे देश में सनातन एवं सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का संकल्प लेगा। यह बात विश्व हिंदू तख्त के अंतरराष्ट्रीय प्रमुख एवं एंटी टेरेरिस्ट फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने हिसार के सनसिटी मॉल में पत्रकारों से कही।
उन्होंने कहा कि शांतिमय ढंग से 28 अगस्त को जलाभिषेक करने के लिए यात्रा सुबह 7 बजे अंबाला के श्रीराम मंदिर से शुरू होगी और हरियाणा समेत कई राज्यों से विश्व हिंदू तख्त के पदाधिकारी जलाभिषेक के लिए रवाना होंगे। यह यात्रा सिर्फ हिंदुओं को संगठित करने का संदेश देगी न कि भाईचारा तोड़ने का या दंगे करवाने का। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में नूंह समेत हरियाणा के मुस्लिम समाज के लोग हमारे साथ मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए आएं, उनका स्वागत होगा।
पाकिस्तान के नंबरों से मिल रहीं धमकियां
वीरेश शांडिल्य ने कहा कि नूंह में जलाभिषेक के एलान के बाद ही सोशल मीडिया पर और पाकिस्तान के नंबरों से उन्हें धमकियां आ रही हैं। इस तरह की धमकियां देने वाले देश विरोधी तत्वों पर पुलिस कार्रवाई करे और उन्हें गिरफ्तार करे, जो भाईचारा खराब कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा की जनता अनिल विज की कानून व्यवस्था से संतुष्ट हैं, लेकिन जिन दंगाइयों ने हिंदू समाज में दहशत फैलाने की साजिश रची, उस पर अनिल विज उन्हें ऐसा सबक सिखाने का काम करें कि फिर कोई दंगाई व राष्ट्रद्रोही प्रदेश की शांति भंग करने की साजिश करने की सोच भी न सके।
प्रधानमंत्री मंदिरों से कब्जे छुड़वाने के लिए संसद में बिल पास करें
वीरेश शांडिल्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हिंदू मंदिर एक्ट को भारतीय संसद में पारित करने की मांग की और कहा कि हिंदू मंदिरों को सरकारी कब्जे से छुड़वाने के लिए संसद में बिल पास करें। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी लोकसभा चुनावों से पहले फैसला लें। इसे लेकर संतों के साथ विश्व हिंदू तख्त प्रधानमंत्री से मुलाकात करेगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या में बन रहे सनातनियों के सबसे विशाल श्रीराम मंदिर में 24 घंटे लंगर की व्यवस्था की जाए और इसके लिए बाकायदा मंदिर परिसर में भव्य लंगर भवन बनाया जाए।