भिवानी के गांव कितलाना में पीने के पानी के लिए नारेबाजी करते ग्रामीण।
भिवानी। गांव कितलाना में पिछले कई दिनों से पीने के पानी की आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों में जिला प्रशासन के खिलाफ रोष है। इस रोष के चलते काफी संख्या में ग्रामीण महिलाएं व पुरुषों ने पहले खाली मटके लेकर गांव के वाटर वर्क्स पर प्रदर्शन किया। उसके बाद खाली मटके लेकर जिला उपायुक्त कार्यालय पर एक घंटे तक प्रशासन के विरोध में प्रदर्शन करके नारेबाजी की।
इस दौरान पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक घंटे तक मेन गेट बंद रखा। ग्रामीणों के रोष को देखते हुए उप मण्डल अधिकारी नागरिक हरबीर सिंह व जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता सुनील रंगा ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उन्हें एक सप्ताह के अन्दर पर्याप्त पानी आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया। उप मण्डल अधिकारी नागरिक को ग्रामीणों की तरफ से ज्ञापन देते हुए किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल, उपप्रधान कामरेड ओमप्रकाश व सूबेदार सतबीर ने कहा कि गांव के वाटर वर्क्स से गांव में पीने का पानी पर्याप्त मात्रा में नहीं छोड़ा जा रहा है। शुद्ध पानी आपूर्ति मशीनें खराब पड़ी हैं, एक पुराने छोटे टैंक में गाद भरी पड़ी है, वाटर वर्क्स की चहारदीवारी टूटी हुई है, अंदर लावारिस पशु गंदगी फैलाते हैं। वाटर वर्क्स में तैनात कर्मचारी ग्रामीणों की समस्या के प्रति गंभीर नहीं हैं। गांव के अंदर लोहारों की गली में मंजूर होने के बाद भी पानी आपूर्ति की लाइन नहीं डाली गई है।
ज्ञापन लेने पहुंचें अधिकारियों ने एक सप्ताह के अंदर समाधान का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे गांव के वाटर वर्क्स के सामने अनिश्चित कालीन धरना व भूख हड़ताल करने पर मजबूर होंगें। इस मौके जनवादी महिला समिति की जिला प्रधान संतोष देशवाल, कुलदीप धायल, कृष्ण शर्मा, थानेदार नफेसिंह मौजूद रहे।