हिसार। सूर्य नगर अंडरपास से गुजरते वाहन।
हिसार। सूर्य नगर अंडरपास को लेकर बीएंडआर के अधिकारियों ने अपने उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट सौंप दी है। रिपोर्ट के अनुसार अंडरपास से वाहन 20 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आसानी से गुजर सकते हैं। अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट में अंडरपास के डिजाइन को एकदम सही करार दिया है, जबकि आरडब्ल्यूए की शिकायत को गलत बताया है।
बता दें कि ऑल सेक्टर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने जनसंवाद कार्यक्रम में अंडरपास को लेकर शिकायत की थी। इस मामले पर सीएमओ कार्यालय ने रिपोर्ट भी मांगी थी। इसके बाद बीएंडआर के अधिकारियों ने एसोसिएशन व सूर्य नगरवासियों के साथ मिलकर मौके का निरीक्षण भी किया था।
रिपोर्ट ने अधिकारियों ने बताया कि जब रेलवे के हिस्से की एजेंसी का कार्य शुरू हुआ था, तब तक अंडरपास की दीवार का कार्य लगभग पूरा हो चुका था। वहीं रेलवे के हिस्से में टेस्ट पाइल की गई तो टेस्ट पाइल का डिजाइन प्रस्तावित लोड के मुताबिक नहीं मिला। इस पर ड्राइंग में बदलाव किए गए। इससे आरसीसी बॉक्स की प्लेसमेंट भी बदलाव हुआ। साथ ही पाइल कैप का साइज भी बढ़ गया और इसका अलाइनमेंट सेंट्रल लाइन से अंडरपास के बॉक्स की तरफ 1.8 मीटर बढ़ गया। सलाहकार से भी इसका डिजाइन चेक करवा लिया है। जिंदल चौक की तरफ टर्निंग रेडियस 50 व 35 मीटर है और यह 35 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड के लिए सुरक्षित है। वहीं सेक्टर 1-4 की तरफ टर्निंग रेडियस 20-20 मीटर है और यह 20 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड के लिए सुरक्षित है।
अंडरपास को लेकर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट दे दी है। अंडरपास में किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं है। - रजनीश सिंह, एक्सईएन, बीएंडआर