हिसार। डाबड़ा चौक पर लगने वाले जाम से शहरवासियों को निजात दिलाने के लिए एक नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अब तोशाम रोड से निरंकारी भवन रोड की तरफ जाने वाले वाहनों को ओवरब्रिज के नीचे से यू टर्न करना होगा। इसे लेकर यातायात पुलिस ने डाबड़ा चौक पर बुधवार देर शाम को क्रैश बैरियर लगा दिए है। हालांकि निरंकारी भवन रोड से तोशाम रोड जाने वाले वाहन पहले की तरह सीधा ही गुजरेंगे। इस व्यवस्था को लागू से करने से पहले यातायात पुलिस ने दो दिन ट्रायल किया था। यातायात पुलिस की मानें तो अगर इस व्यवस्था से जाम में राहत मिली तो इसे स्थायी रूप से भी लागू कर देंगे।
बता दें कि एडीजीपी श्रीकांत जाधव ने पिछले दिनों शहर का दौरा किया था। इस दौरान डाबड़ा चौक पर लगे जाम को देखकर उन्होंने अधिकारियों को इस समस्या का समाधान करने के आदेश दिए थे। डाबड़ा चौक से दिन भर में 10 हजार वाहन गुजरते हैं।
डाबड़ा चौक पर लगता है जाम
शहर के डाबड़ा चौक दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। दिल्ली रोड व निरंकारी भवन रोड से तोशाम रोड को जाने वाले और तोशाम रोड से दिल्ली रोड व निरंकारी भवन रोड की तरफ से जाने वाले वाहनों की वजह से चौक पर जाम लगता है। हालांकि यातायात को नियंत्रित करने के लिए यहां यातायात पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया है। बावजूद इसके यहां दिन भर जाम की स्थिति रहती है। खासकर दोपहर और शाम के समय जाम की स्थिति ज्यादा बनती है।
ट्रैफिक लाइट रहती हैं बंद
डाबड़ा चौक पर वाहनों को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम ने ट्रैफिक लाइट लगवाई थी। मगर आज तक इन लाइट को शुरू नहीं किया गया है और ये हमेशा बंद ही रहती है। इसे लेकर यातायात पुलिस का कहना है कि इन लाइटों की टाइमिंग सेट न होने के कारण इन्हें बंद रखा गया है। लाइटें बंद रहने के कारण पुलिस कर्मचारियों को यातायात नियंत्रित करने के लिए पसीना बहाना पड़ता है।
पहले भी लागू की गई थी यह व्यवस्था
कुछ वर्षों पहले भी ट्रैफिक पुलिस ने यह व्यवस्था लागू की थी। उस दौरान तोशाम रोड से निरंकारी भवन रोड की तरफ से आने वाले वाहनों को ओवरब्रिज के नीचे से गुजारा गया था। वहीं निरंकारी भवन व दिल्ली रोड से तोशाम रोड की तरफ से जाने वाले वाहनों को चावला अस्पताल के सामने वाले रोड से गुजारा गया था। मगर उस समय डाबड़ा चौक के दुकानदारों के विरोध के बाद दोबारा से पुरानी व्यवस्था को लागू कर दिया था।
इन चौक चौराहों पर भी लगता है जाम
शहर में कई ऐसे चौक हैं, जहां दिन के समय जाम लगता है। इनमें जिंदल चौक, बीकानेर चौक, तलाकी गेट, तुलसी चौक पर भी जाम की काफी समस्या है। खास बात यह है कि इन तीनों जगहों पर वाहन नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक लाइट लगी हुई हैं, लेकिन इन्हें बंद ही रखा जाता है और पुलिस कर्मचारी ही यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करते हैं।
तोशाम से ठंडी सड़क हो जाने वाले वाहनों को अब ओवरब्रिज के नीचे से गुजारा जाएगा। इसके लिए क्रैश बरियर लगाए है। ऐसा करने से जाम से मुक्ति मिलेगी। दो दिन ट्रायल किया गया है। जिसमें कोई परेशानी नहीं हुई।
जसवंत, यातायात प्रभारी