हिसार। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम देने के मामले में साइबर सेल थाना ने मुख्य आरोपी समेत दो को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली के उत्तम नगर निवासी विजय शर्मा और अलीगढ़ वासी मनोज को वीरवार अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया। आरोपियों से 25 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। उक्त मामले में पिछले माह एक आरोपी अलीगढ़ के रहने वाले हिमांशु शर्मा को गिरफ्तार किया था। इस संबंध में सैनिक छावनी में रहने वाले आकाश ने 3 मई को साइबर सेल थाना में शिकायत दी थी।
एएसआई नरेंद्र कुमार ने बताया कि साइबर के जरिए लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना दिल्ली निवासी विजय शर्मा ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने दिल्ली के विशाल पार्क के पास एक ऑफिस खोला हुआ था। उसने कॉल करने के लिए लड़के और लड़कियां रखी हुई थीं। ये लोगों को बातों में फंसा कर ओटीपी पूछ लेते और खाते से नकदी साफ कर देते। खाते में रुपये आने के बाद शातिर ठग ऑनलाइन मोबाइल, घड़ी और अन्य सामान खरीदते और बाद में बिल के साथ उसे दुकान पर बेच कर रुपये कमाते। गिरोह का सरगना दिल्ली में कपड़े की फैक्टरी भी चलाता है।