बरवाला कृत्रिम गर्भाधान प्रशिक्षण संस्थान में गायों पर अत्याचार करने को लेकर पुलिस को जानकारी द
बरवाला। हिसार मार्ग पर थर्मल के पास चल रहे कृत्रिम गर्भाधान प्रशिक्षण संस्थान में गायों पर अत्याचार करने के आरोप में सोमवार को गोरक्षों ने जमकर हंगामा किया। बाद में मौके पर पुलिस भी पहुंची। गोरक्षों ने इस बारे पुलिस को लिखित शिकायत भी दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं संस्थान के संचालकों ने इस बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है।
गोरक्षकों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि थर्मल प्लांट के नजदीक कृत्रिम गर्भाधान संस्थान चल रहा है। यहां गायों पर कृत्रिम गर्भाधान करवाए जाने का छात्रों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संस्थान में 20-25 शिक्षार्थी प्रैक्टिस करते हैं। गोरक्षकों का आरोप है कि संस्थान में गायों पर अत्याचार हो रहा है। यहां पहुंचने पर पता चला कि यहां कुल 14 गाए हैं। उनके पास एक वीडियो आई थी, इसमें जो गाय थी वह यहां से गायब मिली। गोरक्षकों का कहना है कि यहां मिली सभी गाय शारीरिक रूप से बीमार हैं। सभी गायों की मेडिकल जांच करवाई जाए। सोमवार को संस्थान में स्टूडेंट्स की प्रैक्टिस के लिए कोई डमी नहीं है, ऐसे में ये सड़क से गायों को पकड़कर प्रयोग करते हैं और बीमार होने पर उसे संस्थान से बाहर छोड़ देते हैं। गायों के मरने पर उसे संस्थान के कंपाउंड में मिट्टी में दबा देते हैं। गोरक्षों ने कहा है कि संस्थान प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। संस्थान की सभी तरह की जांच की जाए, प्रबंधन के खिलाफ गाय संवर्धन एक्ट 2015 के तहत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कार्रवाई को लेकर पुलिस व अन्य अधिकारियों को शिकायत दी है।