हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (हकृवि) के नेहरू पुस्तकालय और एसोसिएशन ऑफ सीनियर लाइब्रेरी एंड इनफार्मेशन प्रोफेशनल्स (एएसएलआईपी) के सहयोग से ‘सहयोगात्मक बुद्धिमत्ता: मिलकर स्मार्ट लाइब्रेरी बनाना’ विषय पर दो दिवसीय एएसएलआईपी कॉन्क्लेव 2025 का आयोजन वीरवार से किया जाएगा। नेहरू पुस्तकालय के अध्यक्ष डॉ. राजीव पटेरिया ने बताया कि मौलिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में होने वाले इस राष्ट्रीय कॉन्क्लेव का उद्घाटन वसंतराव नाइक मराठवाड़ा कृषि विद्यापीठ, परभणी के कुलपति प्रो. इन्द्र मनी सुबह 10 बजे करेंगे। कॉन्क्लेव में देशभर से लगभग 200 प्रतिभागी शामिल होंगे, जिनमें पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के विशेषज्ञ, विद्यार्थी, शोधार्थी तथा आईटी और उद्योग क्षेत्र के प्रतिनिधि रहेंगे।