हांसी। क्रिप्टो करंसी के नाम पर शेखपुरा के सतपाल से 4.30 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों भरत लाल व मोहन लाल को गिरफ्तार किया है। दोनों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
सतपाल ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह शराब ठेकेदार है। हिसार में उसके दोस्त ने बताया कि एक कंपनी क्रिप्टो करंसी का कार्य करके पांच छह महीने में पैसा डबल करके दे देती है। हिसार के होटल में उनकी मुलाकात कंपनी के कर्मचारी मुकेश कुमार के साथ हुई। उसने बताया कि वह कंपनी का प्रमोटर है। उसके झांसे में आकर उन्होंने अपने दोस्तों से पैसा इकट्ठा करके 4 लाख 30 हजार रुपये जमा करा दिए। उन्हें एक व्यक्ति भरत लाल से मिलाया।
भरत लाल ने कहा कि उनकी कंपनी सरकार से पंजीकृत है। 10 दिन बाद उन्होंने फोन करके उनसे पैसे निकलवाने के बारे में बात की तो उसने कहा कि अब कुछ दिन रुक जाओ और ज्यादा प्रॉफिट मिलेगा। उसके बाद भरत लाल ने उनके फोन उठाने बंद कर दिए। सदर पुलिस ने सतपाल की शिकायत पर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी। मामले में दो आरोपियों भरत लाल मोहनलाल को सीआईए ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों हनुमानगढ़ के रहने वाले हैं।