हिसार। बस स्टैंड से एक महिला के बैग से सोने के जेवरात चुराने के मामले में वाहन चोरी निरोधक दस्ता की पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों महाबीर कॉलोनी निवासी कर्मबीर और सुभाष को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस ने चोरी किए हुए जेवरात बरामद कर लिए हैं। मुख्य सिपाही राकेश कुमार ने बताया कि बस स्टैंड पुलिस चौकी में हेमलता ने शिकायत दी थी कि 19 जनवरी को वह बस स्टैंड आई और राजगढ़ जाने वाली बस में बैठ गई। इस दौरान ट्राली बैग को बस में पीछे वाली सीट के नीचे रख दिया। जब उसने घर पहुंचकर बैग चेक किया तो बैग से लगभग 5 लाख की कीमत के सोने के जेवरात गायब मिले। उक्त मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर पहले भी चोरी के केस दर्ज हैं। आरोपी जमानत पर जेल से बाहर थे।
.....................................
निजी अस्पताल से मोबाइल चुराने का आरोपी गिरफ्तार
हिसार। शहर के एक निजी अस्पताल से दो मोबाइल चोरी करने के मामले में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने सेक्टर 1-4 निवासी अमित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की है।
मुख्य सिपाही जगदीप ने बताया कि आरोपी अमित ने 20 जनवरी की रात निजी अस्पताल के वार्ड से 2 मोबाइल चोरी किए थे। इस बारे में मंगाली आकलान निवासी रमेश कुमार ने शिकायत दी थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि हांसी के काली देवी मंदिर के पास से उसने बाइक चुराई थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।