हिसार। कृष्णा नगर में तिहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपी राकेश पंडित की निशानदेही पर पुलिस ने 32 बोर की पिस्टल, 30 कारतूस, 3 मैगजीन, स्कूटी, शस्त्र लाइसेंस और मोबाइल फोन बरामद किया है। रविवार को आरोपी को तीन दिन के रिमांड के बाद दोबारा से अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस की स्पेशल टीम ने तीन दिन पहले गुजरात के राजकोट से आरोपी को पकड़ा था।
मामले की जांच कर रहे एसआई चांदीराम ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने सातरोड में स्कूटी को छुपा दिया था। इसके बाद मोबाइल फोन को मुकलान गांव के पास एक फैक्टरी की छत पर फेंक दिया। लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस को खानक के पास छुपा दिए थे। आरोपी की निशानदेही पर बरामदगी की है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी कृष्णा नगर निवासी राकेश पंडित ने बताया था कि काफी समय से ससुरालवाले गृहस्थी में दखलंदाजी करते थे। हर छोटी-छोटी बातों पर ससुर और साले टोकते थे। जिस कारण तनाव में रहता था। रविवार को साले और पत्नी तेज आवाज में बोल रहे थे, कई बार समझाया। इसके बाद पत्नी सुमन, धनाना निवासी पत्नी के भाई मंजीत और जितेश को दो-दो गोलियां मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।