हांसी। मूर्ति प्रकरण में आरोपी पुलिस कर्मियों का बचाव कर प्रदेश में चर्चा में आईं हांसी की एसपी नितिका गहलोत का तबादला एसपी चरखी दादरी के पद पर हो गया है। उनकी जगह मकसूद अहमद को हांसी का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वे इससे पहले कैथल में इसी पद पर तैनात थे।
पिछले दिनों एक मजदूर से छीनी गई मूर्ति का मामला एडीपीजी के पास पहुंचा। मामले की जांच हुई तो यह बात सामने आई कि पुलिस टीम ने मूर्ति को कटवाकर उसका बिस्किट बनवा लिया था। इस मामले में आरोपी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई से पहले ही एसपी ने प्रेस कांफ्रेंस कर पुलिस कर्मियों का बचाव किया था। साथ ही मूर्ति लेकर हांसी आने वाले बबलू व अन्य पर केस दर्ज कराया था। इस मामले में उच्च स्तरीय जांच चल रही है। तभी से हांसी एसपी को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। सोमवार को उनके तबादले की सूचना आई। नितिका गहलोत को समान पद पर चरखी दादरी भेजा गया है।