हिसार। मटका चौक स्थित फूल मंडी में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रैक्टर चालक ने गुलाब के फूल महंगे बताने पर सड़क पर फेंक दिए और रुपये देने से इन्कार कर दिया। विवाद बढ़ने पर चालक ने ट्रैक्टर सड़क के बीचोंबीच खड़ा कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर चालक फूल मंडी में पहुंचा और एक दुकानदार से दो गुलाब के फूल खरीदे। दुकानदार ने जब फूलों के 150 रुपये मांगे तो चालक नाराज हो गया। उसने फूल महंगे बताते हुए सड़क पर फेंक दिए और भुगतान करने से मना कर दिया। इस दौरान गुस्से में ट्रैक्टर बीच सड़क पर खड़ा कर देने से जाम की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को सिविल लाइन थाना ले गई। थाने पहुंचने के बाद पुलिस की समझाइश पर ट्रैक्टर चालक ने फूल विक्रेता को रुपये अदा कर दिए, जिसके बाद मामला शांत हो गया। ब्यूरो