हांसी। नगर परिषद की ओर से लावारिस पशुओं को पकड़ने के लिए पिछले सप्ताह फाइनेंस कमेटी की बैठक में बजट पास कराया गया था। बजट पास होने के बाद अब जल्द ही शहर में बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए टेंडर लगाया जाएगा। टेंडर अलाॅट होने के बाद जल्द ही बेसहारा पशुओं को पकड़ने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
हरियाणा गो सेवा आयोग की ओर से सोमवार को नगर परिषद के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन को बेसहारा पशु मुक्त प्रबंधन और अन्य समस्याओं के निदान के लिए पंचकूला बुलाया है। यह बैठक प्रदेश स्तर पर बुलाई गई है। बैठक में शहर को बेसहारा पशुओं से मुक्त करने के लिए सभी चेयरमैन व वाइस चेयरमैन से सुझाव मांगे जाएंगे। इसके बाद गो सेवा आयोग की ओर से प्रबंधन किए जाएंगे।
बता दें कि शहरवासी गलियों और सड़कों पर घूमने वाले लावारिस पशुओं से पिछले काफी समय से परेशान हैं। शहरवासी नगर परिषद से कई बार इन पशुओं को पकड़ने की मांग कर चुके हैं। इसके चलते अब नगर परिषद ने लावारिस पशुओं को पकड़ने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। नगर
परिषद चेयरमैन का कहना है कि बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया के लिए भेजा हुआ है। टेंडर के लिए सब कार्य पूरे किए जा चुके हैं। अब जल्द ही लावारिस पशुओं को पकड़ने के लिए टेंडर लगाया जाएगा।
कई लोग हो चुके हैं घायल, तो कई गंवा चुके हैं जान
लावारिस पशुओं के कारण कई लोग चोटिल हो चुके हैं। कुछ समय पहले बरवाला फ्लाईओवर के समीप बाइक के आगे पशु आने से मार्केट कमेटी के अकाउंटेंट की मौत हो गई थी। उसके बाद पुठी मंगल खां गांव के समीप बाइक के सामने अचानक लावारिस पशु आने पर अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई गई थी, जिससे बाइक सवार की मौत हो गई थी।
पशुपालक छोड़ देते हैं पशुओं को
शहर में लावारिस घूम रहे पशुओं में से कई पशु निराश्रित नहीं है। इन पशुओं के बाकायदा मालिक हैं लेकिन उन्होंने स्वयं अपने पशुओं को कस्बे में खुला छोड़ा हुआ है। कई पशुपालक सवेरे दूध निकालने के बाद अपनी गायों को खुला छोड़ देते हैं और शाम को फिर से दूध निकालने के लिए घर ले जाते हैं।
लावारिस पशुओं के प्रबंधन के लिए आज प्रदेश स्तर पर गो सेवा आयोग ने पंचकूला में चेयरमैन व वाइस चेयरमैन को बैठक के लिए बुलाया है। फिलहाल ऑनलाइन प्रोसेस के लिए फाइल गई हुई है, जिसके बाद जल्द ही इसका टेंडर लगाया जाएगा। इसके लिए दो गोशालाओं से बात की हुई है। अब जल्द ही शहर को लावारिस पशुओं से मुक्त किया जाएगा।
- प्रवीन ऐलावादी, चेयरमैन, नगर परिषद हांसी।
इन जगहों पर होता है पशुओं का जमावड़ा
विश्वकर्मा चौक से जींद रोड पर, सिसाय पुल से लेकर बरवाला रोड नेशनल हाईवे के ओवरब्रिज तक, शहर में पुरानी सब्जी मंडी, रेस्ट हाउस के आगे जीटी रोड पर पशु बैठते हैं। हिसार चुंगी से उमरा रोड, हिसार चुंगी से त्रिकोणा पार्क तक, गवर्नमेंट कॉलेज रोड, काली देवी चौक व भिवानी रोड, जींद चुंगी से शेखपुरा रोड, हिसार चुंगी के पास पशु जीटी रोड पर, जीटी रोड पर पीरबाबा की दरगाह तक, दिल्ली नेशनल हाईवे पर डीसीसीडी के पास तक और बस स्टैंड के पास जीटी रोड पर आदि ऐसी जगह हैं, जहां अक्सर पशुओं का जमावड़ा रहता है।