हिसार। बस अड्डे पर पांच बूथ पर आज तक शेड नहीं लग पाए हैं। शेड की व्यवस्था नहीं होने के कारण यात्रियों के लिए धूप और बारिश से बचाव के लिए कोई इंतजाम नहीं है। बूथ नंबर 19 से लेकर बूथ नंबर 23 पर एक भी शेड नहीं लगा हुआ है। कई बार यात्री रोडवेज अधिकारियों को यहां शेड लगवाने की मांग कर चुके है। मगर आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
बता दें, कि बस अड्डे पर बूथ नंबर-1 से बूथ नंबर-23 बने हुए हैं। सभी बूथों से बसों का संचालन होता है। बूथ नंबर-1 से बूथ नंबर-18 पर शेड लगे हुए हैं। मगर उसके आगे कोई शेड की व्यवस्था नहीं है। इस कारण यात्रियों को गर्मी और बारिश के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता है। इन पांच बूथ से लोकल से लेकर लंबे रूट पर चलने वाली बसों का संचालन होता है। मगर यहां सुविधाओं का टोटा है।
रोजाना 10 हजार से ज्यादा यात्रियों का आगमन
बस अड्डे पर यात्रियों को सुविधाएं देने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत कुछ और है। रोजाना 10 हजार से ज्यादा यात्रियों का आवागमन होने के बावजूद यहां मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। यात्रियों की ओर से बार-बार मांग करने के बावजूद रोडवेज अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी है।
उधर, बस अड्डे के गेट पर गड्ढा, हादसा होने का डर
बस अड्डे के मेन गेट के बाहर काफी बड़ा बना गड्ढा हुआ है। पिछले काफी दिनों से यहां पानी भरा हुआ है। जब भी बस यहां से गुजरती है तो गड्ढे के अंदर से निकलती है। ऐसे में हादसे का डर बना हुआ है। इसको लेकर रोडवेज अधिकारियों को भी बताया जा चुका है।
शेड के बारे में अपडेट लिया जाएगा। जहां तक मेन गेट के बाहर गड्ढे होने की बात है उसे पहले ठीक करवाया जा चुका है। अब वहां बीएंडआर विभाग की ओर से ही काम करवाया जाना है।
- अनिल चोपड़ा, कार्यकारी यातायात प्रबंधक, रोडवेज