हिसार। जिले के एक गांव निवासी युवती की एक युवक ने वीडियो कॉल कर दबाव बनाकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 20 हजार रुपये की डिमांड की। रुपये नहीं देने पर युवती की वीडियो उसके पिता के पास भेज दी। इस संबंध में पीड़िता के पिता ने महिला थाना में शिकायत दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर इंस्टाग्राम आईडी इस्तेमाल करने वाले के खिलाफ छेड़छाड़, जान से मारने की धमकी देने और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत में एक व्यक्ति ने बताया था कि उसकी बेटी एक शिक्षण संस्थान में पढ़ती है। बेटी की इंस्टाग्राम आईडी पर 26 जनवरी को एक अनजान की फ्रैंड रिक्वेस्ट आई थी, जिसे मेरी बेटी ने मंजूर कर लिया। फिर वे दोनों आपस में चैटिंग करने लगे। उस व्यक्ति ने 9 जुलाई को बेटी के पास वीडियो कॉल कर चैटिंग वायरल करने का दबाव बनाकर उसके कपड़े उतरवा लिए और वीडियो बना लिया। फिर वह व्यक्ति ब्लैकमेल कर मेरी बेटी से 20 हजार रुपये की डिमांड करने लगा। बेटी ने रुपये देने से इन्कार किया तो उसने मेरे व्हाट्सएप पर बेटी की वीडियो भेज दिया और फिर डिलीट भी कर दी। महिला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर संबंधित आईडी वाले व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है।