हिसार। सेक्टर 14 निवासी और व्यापारी श्यामलाल से महाबीर कॉलोनी नहर के पास रुपये और सोने की अंगूठी छीनने के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी शिव नगर निवासी मोनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी मोनू से अंगूठी बरामद की है। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। इस संबंध में एचटीएम थाना पुलिस में 13 नवंबर 2022 को केस दर्ज हुआ था।
मामले की जांच कर रहे एसआई साहब राम ने बताया कि घटना वाले दिन आरोपी मोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर महाबीर कॉलोनी में नहर के पास सेक्टर 14 निवासी से सोने की अंगूठी और 30 हजार रुपये की नकदी छीनी थी। आरोपी मोनू से छीनी गई अंगूठी और 1500 रुपये बरामद किए है। मामले में पहले दो आरोपियों श्रीनगर कॉलोनी हिसार निवासी अनीश और स्वागत कॉलोनी हिसार निवासी राहुल को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयोग बाइक बरामद की जा चुकी है।