दो दुकानों में हुई चोरी की घटना के बाद एकत्रित हुए व्यापारी।
हिसार। राजगुरु मार्केट में अपराधिक घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस गश्त का दावा करती हैं लेकिन अपराधी बेखौफ वारदात कर चुनौती दे रहे हैं। 14 दिन बाद ही राजगुरु मार्केट में तेलियान पुल के पास दो दुकानों से चोर डेढ़ लाख रुपये ले गए। वारदात के लिए चोर मंगलवार रात दीवार में बने खांचों की मदद से पांचवीं मंजिल पर चढ़े और फिर सीढि़यों से नीचे उतरते हुए दो दुकानों को निशाना बनाया। सूचना मिलने पर बुधवार सुबह शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी तथ्य जुटाए। पुलिस दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है। हालांकि अभी पुलिस पहले वाली चोरी के आरोपियों को भी पकड़ नहीं पाई है।
मेला ग्राउंड में रहने वाले रामनिवास ने बताया कि उसकी और भाई प्रकाश की चूड़ियों की दुकान है। मंगलवार रात को दुकानें बढ़ा कर घर गए थे। बुधवार सुबह दुकानों को खोला और साफ-सफाई की। दुकान में सारा सामान ठीक रखा था। कुछ देर बाद ग्राहक सामान लेने के लिए आया तो गल्ला संभाला। इस दौरान गल्ले में रखी एक लाख रुपये गायब मिले। चोरी का शक होने पर दुकान के अंदर बनी सीढि़यों के रास्ते छत पर गए तो देखा कि छत वाला दरवाजा लोहे की रॉड से तोड़ा गया था। दूसरी छत पर जाकर देखा तो एक रस्सी नीचे लटक रही थी। उन्होंने बताया कि चोर ईंटों को पकड़ कर छत तक पहुंचे और वारदात कर रस्सी के सहारे नीचे उतरकर फरार हो गए।
भाई की दुकान से 50 हजार की नकदी चोरी
रामनिवास ने बताया किभाई प्रकाश की भी चूडि़यों की दुकान है। जब दुकान में चोरी का पता चला तो भाई को बताया। भाई ने गल्ले को संभाला तो 50 हजार रुपये गायब थे। चोरों ने पहले दोनों दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
28 नवंबर को भी दो दुकानों में हुई थी चोरी
28 नवंबर की रात को चोरों ने राजगुरु मार्केट में दो दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़े थे उसके बाद छत के रास्ते से गोपाल जरनल स्टोर और एक कपड़े की दुकान में घुसे थे। जरनल स्टोर से 90 हजार रुपये और कपड़े की दुकान से 24 हजार की नकदी के अलावा हजारों रुपये के कपड़े चोरी कर ले गए थे। चोरों ने अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे तक तोड़ दिए थे। पुलिस इस वारदात के आरोपियों को नहीं पकड़ सकी है।
तीन दिन पहले हुई थी फायरिंग
रविवार देर शाम को बाइक पर सवार तीन युवकों ने फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था। यह वारदात भी उसी एरिया की है जहां पर चोरी की वारदातें हुई है। फायरिंग के बाद देशी कट्टा नीचे गिर गया था। उसके बाद एक युवक कट्टे को उठाते हुए सीसीटीवी कैमरे में नजर भी आया था। पूरा वाक्या सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। पुलिस ने तो चोरों को पकड़ पाई है और न ही फायर करने वाले बदमाशों को।
पुलिस व्यापारियों को सुरक्षा देने में नाकाम
राजगुरु मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी महेश ने बताया कि आए दिन मार्केट में चोरी और फायरिंग की वारदात हो रही है। अपराधियों के हौसलें बुलंद हैं। पुलिस ने गश्त तो बढ़ाई लेकिन उसका कोई नतीजा सामने नहीं आ रहा है। पुलिस व्यापारियों को सुरक्षा देने में नाकाम रही है। चोरों को जल्द नहीं पकड़ा गया तो व्यापारियों की बैठक बुलाकर रणनीति तैयार करेंगे।