हिसार। करनाल से स्थानांतरित होकर आए दीपक सहारण ने शुक्रवार को हिसार पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाल लिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन स्थित अधिकारी मेस में सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों और थाना प्रबंधकों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि कानून के दायरे में रहकर बदमाशों का खात्मा करेंगे। हिसार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।
नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गलत काम करने वालों को उनके अंजाम तक पहुंचाएं। जनता की गाढ़ी कमाई के टैक्स से हमारी तनख्वाह आती है। हमारी जिम्मेवारी है कि उनके जानमाल की रक्षा करें। थाना या चौकी में आने वाले किसी भी आगंतुक से सभ्य तरीके से पेश आए। भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि अपराधियों को सूचना और पनाह देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संगठित अपराध के साथ जिले में नशा उन्मूलन, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, साइबर अपराध नियंत्रण करने, महिला विरुद्ध अपराध पर रोक प्राथमिकता रहेगी। सड़कों पर बाजारों में पुलिस उपस्थिति बढ़ाएंगे। हिसार पुलिस लाइन स्थित गवर्नमेंट ऑफिसर मेस पहुंचने पर सहायक पुलिस अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार मोहन ने गुलदस्ता भेंट कर अधीक्षक दीपक सहारण का स्वागत किया।