मंडी आदमपुर। देश में 3 हजार करोड़ की धोखाधड़ी का आरोपी फ्यूचर मेकर कंपनी के चेयरमैन कम मैनेजिंग डायरेक्टर (सीएमडी) राधेश्याम सुथार अब धर्म के रास्ते पर चल पड़ा है। जन्माष्टमी के मौके पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा है कि राधेश्याम ने न तो किसी के साथ धोखा किया और न ही किसी को धोखा दिया। मेरी नीयत में खोट नहीं। मैंने सिर्फ लोगों को रोजगार देने का काम किया था। अब भी उनका पैसा बैंक खातों में सुरक्षित है। जैसे ही कानूनी लड़ाई हम जीत जाएंगे, लोगों के पैसे उन्हें वापस मिलने लग जाएंगे।
राधेश्याम गत दिवस जन्माष्टमी पर्व पर अपने पैतृक गांव सीसवाल में आए थे। सीएमडी राधेश्याम ने दावा किया कि जल्द ही उनकी कंपनी में जिन लोगों के पैसे लगे थे, वह वापस मिलेंगे। कंपनी के बैंक अकाउंट को ईडी ने सीज कर रखा है। कानून के अनुसार ये पैसे जल्द उपभोक्ताओं को दिलवाने के लिए उन्होंने देश के प्रख्यात वकीलों की टीम लगा रखी है। उनकी नीयत में किसी प्रकार का कोई खोट नहीं था। राधेश्याम ने दावा किया कि जब उनकी गिरफ्तारी हुई तो एक बैंक अकाउंट जिसे पुलिस ने सीज नहीं किया था उसमें करीब 250 करोड़ रुपये थे। उन्होंने अपनी टीम से तुरंत पैसा उपभोक्ताओं के खाते में भेजने का निर्देश दिया था। राधेश्याम ने कहा कि वे अब भारतीय कानून के अनुसार लड़ाई लड़ रहे हैं। राधेश्याम ने कहा कि कुछ लोग उनके साथ फोटो खिंचवाकर अपनी कंपनी बनाकर दावा करते हैं कि वह फिर से व्यापार में लौट आए हैं या फिर कंपनी चला रहे हैं तो ये सिर्फ अफवाह है। वे अब पूरी तरह से अध्यात्म के मार्ग पर चल रहे हैं। गीता की शरण में हैं।