हिसार। सातरोड़ के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज में बाधा बन रही हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की एसटीपी (सीवर ट्रीटमेंट प्लांट) की लाइन को शिफ्ट करने का काम शुरू हो गया है। लाइन के शिफ्ट होने से बची हुई पाइल बिछाई जा सकेंगी। करीब 15 दिन में लाइन के शिफ्ट होने की संभावना है। हालांकि निर्माण स्थल से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को शिफ्ट करने का काम अभी भी बाकी है।
बता दें कि सातरोड़ के पास साउथ बाईपास पर स्थित रेलवे फाटक पर आरओबी का निर्माण किया जा रहा है। इस जगह से एचएसवीपी की तोशाम रोड स्थित एसटीपी की लाइन गुजर रही है। यह लाइन पाइल के बीच में आ रही है। इस कारण से पाइल बिछाने का काम काफी से बंद भी पड़ा है। मगर अब जल्द इस काम के शुरू होने की संभावना है, क्योंकि एसटीपी की लाइन को शिफ्ट करने का काम शुरू कर दिया गया है।
लाइन शिफ्ट होने से 12 और पाइल बिछाने का रास्ता होगा साफ
शिफ्ट की जाने वाली लाइन करीब 500 मीटर लंबी है। इस लाइन के शिफ्ट होने से 12 और पाइल बिछाने का रास्ता साफ होगा। अभी तक 108 में से 76 पाइल डाली जा चुकी है। साथ ही 7 पाइल कैप भी बनाई जा चुकी है, जबकि कुल पाइल कैप 18 है। इसके अलावा दो पिलर भी बनकर तैयार हो चुके हैं।
हाईटेंशन लाइन की अड़चन अभी बाकी
निर्माण स्थल की जगह से अंडरग्राउंड 132 केवी की लाइन गुजर रही है। इस लाइन से स्वर्ण जयंती पार्क के पास स्थित रेलवे के सब स्टेशन को बिजली सप्लाई की जा रही है। इस लाइन के बीच में आने से आरओबी का निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। इस कारण से इस लाइन को शिफ्ट किया जाना जरूरी है। इस लाइन की शिफ्टिंग को लेकर दो विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। अगर यह लाइन भी शिफ्ट हो जाती है तो आरओबी के निर्माण की सभी बाधाएं दूर हो जाएंगी।
658 मीटर होगी आरओबी की लंबाई
आरओबी की कुल लंबाई 658 मीटर होगी। सड़क की चौड़ाई 11 मीटर होगी। यह आरओबी पिलर पर बनेगा। इसके दोनों तरफ तीन-तीन मीटर की सर्विस रोड भी बनाई जाएगी। यह आरओबी दिल्ली रोड को पार करके सातरोड़ में जाकर खत्म होगा। सातरोड़, हिसार की तरफ व दिल्ली की तरफ इसकी लंबाई 148-148 मीटर होगी। आरओबी के निर्माण पर करीब 31.10 करोड़ रुपये की लागत आएगी। हालांकि प्रशासनिक मंजूरी 43 करोड़ रुपये की है।
बो स्ट्रिंग डिजाइन का बनेगा यह आरओबी
यह आरओबी दो तरह से खास होगा। पहला यह है कि इस आरओबी पर चौराहा बनाया जाएगा। अभी तक शहर के किसी भी आरओबी पर चौराहा नहीं बना है। दूसरा यह बो स्ट्रिंग डिजाइन (धनुष का आकार) से बनेगा। इससे पहले कैमरी रोड रेलवे ओवरब्रिज भी इसी डिजाइन से बनाया जा रहा है।
एसटीपी की लाइन को शिफ्ट होने करने काम शुरू कर दिया गया है। 15 दिनों में यह काम पूरा हो जाएगा।
- मेवा सिंह, एसडीओ, बीएंडआर