हिसार। आजाद नगर की गीता कॉलोनी से 29 सितंबर 2024 को घर से गायब हुई साढ़े 16 साल की हर्षिता का पुलिस अब तक सुराग नहीं लगा पाई है। इससे खफा पीड़ित परिवार तीसरी बार लघु सचिवालय के बाहर धरने पर बैठा है। धरने के 14वें दिन रविवार को बिटिया के पिता सुनील सोनी ने बताया कि अब वे बिजली मंत्री अनिल विज से मिलने पैदल अंबाला जाएंगे और उनसे इस मामले में मदद की गुहार करेंगे। फिर भी इंसाफ नहीं मिला तो मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यालय के बाहर धरना देंगे। वहां से भी कोई ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलता है तो चंडीगढ़ से दिल्ली तक पैदल यात्रा करेंगे। इस मामले की जांच की फिलहाल स्टेट क्राइम ब्रांच कर रही हैं, लेकिन टीम ने अभी तक पीड़ित परिवार से कोई संपर्क नहीं किया है। सुनील सोनी ने बताया कि बेटी को घर से गायब हुए चार माह से अधिक का समय हो चुका है। पुलिस प्रशासन की तरफ से अभी तक ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की जिससे संतुष्टि हो। सीएम के आदेश पर एसआईटी का गठन किया गया था, लेकिन एसआईटी भी बेटी का सुराग नहीं लगा सकी है। इसके बाद जांच स्टेट क्राइम ब्रांच को सौंपी है।