हिसार, कैथल। चंडीगढ़ से हिसार जा रही टूरिस्ट बस हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया था। बस सड़क किनारे खाई में गिरी तो यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में घायल यात्री रतिया निवासी भाल सिंह ने बताया कि घायल यात्रियों को कैथल की बजाय नरवाना और हिसार रेफर कर दिया। मामूली रूप से चोटिल यात्रियों को कलायत के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। हादसे में जान गंवाने वाले चार यात्रियों में से तीन के शवों को जिला नागरिक अस्पताल में भेजा गया। जबकि एक मृतक के शव को नरवाना अस्पताल में भेजा गया। कैथल निवासी मृतक यात्रियों में दो पुरुष व एक महिला शामिल थी। हालांकि महिला की पहचान नहीं हो पाई है। भाल सिंह ने बताया कि वह अंबाला में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। उसे फतेहाबाद जाना था। ऑनलाइन टिकट करवाकर शाम करीब साढ़े पांच बजे अंबाला से सुरेवाला चौक के लिए बस में बैठा था। रात करीब आठ बजे बस कलायत के पास स्थित गांव सिमला में पहुंची तो अचानक पलट गई और सड़क किनारे खाई में गिर गई। कई यात्रियों को बस की खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकला। सूचना मिलते ही डायल 112, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस पहुंची। घायलों को संभाला गया और मृतकों के शवों को अस्पताल भेजा गया।