उकलाना में विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच करते पंचकूला से आए अधिकारी।
- फोटो : विभाग
हिसार। उकलाना नगरपालिका क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर उठ रही शिकायतों के मद्देनज़र पंचकूला स्थित शहरी स्थानीय निकाय विभाग मुख्यालय से एक विशेष जांच टीम मंगलवार को उकलाना पहुंची। कार्यकारी अभियंता आनंद अग्रवाल की अगुवाई में पहुंची टीम ने सबसे पहले पुरानी अनाज मंडी में कुछ महीने पहले बनाई गई मास्टिक रोड के सैंपल लिए। रोड की गुणवत्ता को जांचने के लिए सैंपल प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे। इसके बाद टीम ने चौबीसी कॉलोनी के मुख्य द्वार पर बनाए जा रहे महाराजा अग्रसेन स्वागत द्वार का भी निरीक्षण किया, जो शटरिंग के दौरान ही गिर गया था। यहां से भी निर्माण सामग्री के नमूने लिए गए। जांच टीम ने अप्रोच रोड का भी निरीक्षण किया, जहां सड़क चौड़ीकरण का कार्य तो पूरा हो चुका है, लेकिन दुकानदारों व आमजन द्वारा लगातार गड्ढों की शिकायतें मिल रही थीं। टीम ने इन स्थानों पर भी बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पालिका के स्थानीय अधिकारी, पूर्व वाइस चेयरमैन हरीश गर्ग, पार्षद अरुण गोयल सहित अन्य उपस्थित रहे। इन विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कुछ पार्षदों ने शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत दी थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए पंचकूला मुख्यालय से जांच टीम भेजी गई। जांच टीम द्वारा विभिन्न स्थानों से लिए गए नमूनों की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।