बास (हिसार)। बास गांव की चारों पंचायतों की तरफ से सोमवार को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम नारनौंद से जजपा विधायक रामकुमार गौतम नहीं पहुंचे। वहीं कार्यक्रम में जनता को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि नारनौंद के विकास कार्यों के लिए पैसों की मांग करने वाला हमसे रूठा बैठा है। साथ ही उन्होंने कहा कि मेरी जितनी जिम्मेदारी उचाना की है, उतनी ही नारनौंद की है। इससे पहले उपमुख्यमंत्री ने बास पीएचसी में लगी देवीलाल की प्रतिमा का माल्यार्पण किया। वे बैलगाड़ी में सवार होकर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उनकी सरकार ने पंचायती राज में भी काफी सुधार किया है। जजपा के 10 विधायक विधानसभा में चुनकर आए थे और उन्होंने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के साथ-साथ प्रदेश के विकास में भी अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से ओर ज्यादा मेहनत के साथ संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया है। पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता को मेहनत के साथ आगे बढ़ना होगा और नारनौंद विधानसभा को पहले से भी ज्यादा भारी मतों से जीतने का काम करना है।
अच्छे ढंग से हुई गेहूं की खरीद
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बास अनाज मंडी के गेट पर उनसे अनाज मंडी के आढ़ती मिले थे और उन्होंने साइड की मांग की है, जिसे जल्द पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा। आढ़तियों ने उनसे कहा कि इस बार गेहूं की खरीद बहुत अच्छे ढंग से हुई है और किसानों का पैसा समय पर उनके बैंक खातों में गया है। बास क्षेत्र के खेतों से पानी निकासी का प्रबंध भी सरकार की तरफ से किया गया है। बास व सिसाय नगर पालिका तुड़वाने के लिए लोगों ने जो संघर्ष किया है उसकी बदौलत वो उसमें कामयाब हुए।
पेयजल की समस्या की जाएगी दूर
उन्होंने कहा कि बास गांव में 5 एकड़ जमीन खरीद कर उसमें जलघर का निर्माण कर गांव के लिए पीने के पानी की समस्या दूर की जाएगी। महाग्राम योजना के तहत बास में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाकर गंदे पानी को साफ कर खेतों में पहुंचाने का काम किया जाएगा। हांसी से जींद सड़क को नेशनल हाईवे बनाने की मांग को केंद्र सरकार के पास भेजा गया था लेकिन अभी वह मंजूर नहीं हुई है। ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से नारनौंद के बाईपास को भी जल्द पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 28 करोड़ रुपये की लागत से नारनौंद शहर की सड़कें बनेंगी।
जनता दुष्यंत में देख रही देवीलाल की छवि
जुलाना से विधायक अमरजीत ढांडा ने कहा कि नारनौंद विधानसभा क्षेत्र हमेशा से ही देवीलाल का क्षेत्र रहा है। आज प्रदेश की जनता देवीलाल की छवि को दुष्यंत चौटाला में देख रही है और वो देवीलाल की तरह जमीन से जुड़े हुए नेता है। इस अवसर पर जेजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह, विधायक अमरजीत ढांडा, जिला प्रधान अमित बूरा, चेयरमैन सुबेर लोहान, यादवेंद्र खर्ब, ईश्वर सिंघवा, सुभाष बेरवाल, अनिल दुहन, अमरजीत मलिक, ओमप्रकाश आदि मौजूद रहे।
नारनौंद हलका आपका है: राजकुमार
दुष्यंत के तंज के बाद नारनौंद से जजपा विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि उन्होंने तो विधानसभा में ही दुष्यंत चौटाला को बोल दिया था कि नारनौंद हलका आपका है, इसे संभाल लो। नारनौंद में एक कार्यक्रम के दौरान अजय चौटाला ने भी कहा था कि अब नारनौंद हलके को खुद दुष्यंत संभालेंगे तो उन्हें किसी बात से कोई एतराज नहीं है। जितना चाहे वह नारनौंद का विकास करवा सकते हैं। कितना भी पैसा नारनौंद के विकास में लगाएं। यह हलका उनका हलका है।