हिसार। चौधरीवास गांव में मंगलवार को बेसहारा गाय ने डिपो से राशन लेकर लौट रही 65 साल की धापा देवी को सींग पर उठाकर पटक दिया। सड़क पर गिरने के कारण वह जख्मी हो गई। घायल हालत में उसे हिसार नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। इससे पहले भी शहर में बेसहारा पशुओं की वजह से हादसे हो चुके हैं।
नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन धापा देवी के बेटे नत्थूराम ने बताया कि मंगलवार सुबह मां गांव में चल रहे राशन डिपो पर राशन लेने के लिए गई थी। लौटते समय रास्ते में एक बेसहारा गाय ने उसको सींग से उठाकर पटक दिया। जिस कारण उसकी मां की कमर और पैरों पर चोटें आईं। वहां पर खड़े युवकों ने मेरी मां की जान बचाई और गाय को वहां से भगाया। घायल हालत में मां को चौधरीवास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए ले कर गए, वहां से चिकित्सकों ने नागरिक अस्पताल भेज दिया।
बता दें कि पिछले सोमवार को 12 क्वार्टर एरिया में एक बेसहारा गाय ने 62 साल की निर्मला देवी को टक्कर मार दी थी, जिस कारण उनकी मौत हो गई थी। इस घटना से पहले भी शहर और आसपास के एरिया में बेसहारा पशुओं की वजह से कई लोगों की जान जा चुकी है।