बास। हांसी के एसपी अमित यशवर्धन के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ का अभियान चलाया है। इसके तहत सीआईए स्टाफ नारनौंद की टीम ने एक किलो चरस के मुख्य सप्लायर लितानी निवासी राममेहर उर्फ बंटू को गिरफ्तार किया है। सीआईए स्टाफ नारनौंद के एएसआई फिरोज खान ने बताया कि कुछ दिन पहले जिला जींद के गांव झांज कलां निवासी एक व्यक्ति को एक किलो चरस पहुंचाई गई थी। इस मामले में थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। जांच के दौरान सप्लाई के असली स्रोत तक पहुंचने में सफलता मिली और मुखबिर की सूचना पर राममेहर को काबू किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से चरस की सप्लाई चेन, अन्य साथियों और संभावित नेटवर्क के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।