चरखी दादरी। सितंबर 2020 में पाकिस्तान की तरफ से की गई फायरिंग में शहीद हुए रानीला बांस निवासी गनर भूपेंद्र चौहान की प्रतिमा का अनावरण सोमवार को किया गया। मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में सूबे के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि खेल और सेना में हरियाणा के वीर जवानों का सर्वाधिक योगदान है। हमारे प्रदेश के युवा खिलाड़ी जहां देश के लिए मेडल ला रहे हैं तो वहीं बॉर्डर पर डटे सिपाही भारत की सुरक्षा के लिए मुस्तैद हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के शूरवीरों की बदौलत ही भारत देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ का अमृत महोत्सव मना रहा है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा की माटी से जन्मे युवाओं की सेना में संख्या दस प्रतिशत से अधिक है। हमारे हर गांव और शहर में पूर्व सैनिकों और सेवारत सैनिकों की अच्छी खासी तादाद है। हमें उन सभी वीर शहीदों और 20 से 25 साल तक सीमाओं की रक्षा करके घर आए पूर्व सैनिकों के प्रति कृतज्ञ भाव रखना चाहिए, जिनके त्याग और बलिदान से देश सुरक्षित है।
शहीद भूपेंद्र चौहान के परिवार की सराहना करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने लाडले को देशसेवा के लिए भेजना किसी बलिदान से कम नहीं। इस वीर शहीद के जीवन से गांव की युवा पीढ़ी को भी राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा मिलती रहेगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने अब यह कानून बना दिया है कि गांव के सरकारी स्कूल का नाम उस गांव के शहीद के नाम से रखा जाएगा। उन्होंने इस अभियान की शुरुआत जींद जिला से की थी और अब हरियाणा के सभी 22 जिलों में इसे लागू कर दिया गया है।
सामुदायिक भवन और पुस्तकालय बनाने की घोषणा की
दुष्यंत चौटाला ने गांव बांस में पंचायत का प्रस्ताव मिलने पर एक सामुदायिक भवन और पुस्तकालय बनवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के लिए बहुत जरूरी है। लाइब्रेरी में बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें पढ़ेंगे तो इससे उनका भविष्य सुधरेगा। समारोह की अध्यक्षता कर रहे पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान ने कहा कि दो साल पहले कश्मीर के बारामूला सेक्टर में 23 साल के युवा भूपेंद्र शहीद हुए थे। पूर्व विधायक व हरियाणा आवास बोर्ड के चेयरमैन राजदीप फौगाट ने भी शहीद भूपेंद्र की शहादत को नमन किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व विधायक शशिरंजन परमार, शहीद भूपेंद्र चौहान के पिता मलखान सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सुभाष शर्मा, डीएसपी वीरेंद्र सिंह, विनोद चौहान, ओमपाल चौबारला, जजपा जिलाध्यक्ष नरेश द्वारका, संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, सूरज बेनिवाल, ऋषिपाल उमरवास, संजीव मंदौला, एडवोकेट रविंद्र चरखी आदि मौजूद रहे।