हिसार। मिलावटी मिठाइयों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. काजल मेहतानी की टीम ने बुधवार को शहर में जांच अभियान चलाया। टीम ने कैंप चौक, पटेलनगर, सेक्टर 9-11 और 16-17 में मिठाई की दुकानों से रसगुल्ले सहित चार मिठाइयों के सैंपल लिए। दुकानदारों को सफाई रखने और लाइसेंस संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। डॉ. काजल मेहतानी ने बताया कि सैंपल जांच के लिए चंडीगढ़ या करनाल की प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे। दिवाली तक हिसार के अलावा हांसी, नारनौंद, उकलाना, बरवाला, आदमपुर और अग्रोहा में भी अभियान जारी रहेगा। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो