हिसार। जिला नगर योजनाकार विभाग ने वीरवार को कैमरी रोड पर विकसित की जा रही तीन अवैध कॉलोनियों में निर्माण को तोड़ा गया। कार्रवाई की। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। जिला नगर योजनाकार विभाग को सूचना मिली थी कि कैमरी रोड पर भासी कॉम्प्लेक्स, श्री लक्ष्मी नगर और मिलन मार्केट नाम से कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। कॉलोनाइजर की तरफ से कॉलोनियों में इंटरलॉकिंग व कच्चा रोड, चहारदीवारी और नींव भरने का काम किया जा रहा है। इन कॉलोनियों पर कार्रवाई के लिए विभाग ने जिला प्रशासन ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने की मांग की। इस पर सिंचाई विभाग के एसडीओ मक्खन सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। वीरवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान जेसीबी की मदद से इंटरलॉकिंग व कच्चे रोड, नींव व चहारदीवारी को उखाड़ दिया गया। साथ ही एक टीन शेड को भी ध्वस्त किया गया। जिला नगर योजनाकार दिनेश सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें। इस अवसर पर एफआई दीपक भी मौजूद रहे।