हिसार। इस बार जिले में मानसून काफी मेहरबान है। जिले में 30 जुलाई तक सामान्य से 60 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है। भारतीय मौसम विभाग की मानें तो 30 जुलाई तक जिले में सामान्य बारिश 103.2 एमएम होती है, लेकिन अभी तक 165.4 एमएम बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 60 प्रतिशत ज्यादा है।
जिले में मानसून सीजन जून से सितंबर तक माना जाता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार इन चार माह में जिले में 388.8 एमएम सामान्य बारिश होती है। इसमें जून में 70.8, जुलाई में 123.1, अगस्त में 118.4 व सितंबर में 76.5 एमएम बारिश होती है।
एक जून से अब तक हुई सामान्य से 33 प्रतिशत अधिक बारिश
वहीं अगर एक जून से अब तक जिले में हुई बारिश के आंकड़ों पर नजर डाले तो एक जून से 30 जुलाई तक जिले में 195.1 एमएम हुई, जो सामान्य से 33 प्रतिशत अधिक है। इस समयावधि में जिले में 146.4 एमए बारिश होती है।
शनिवार को हुई 36.0 एमएम बारिश
उधर शनिवार को शाम साढ़े 5 बजे तक 36.0 एमएम बारिश दर्ज की गई। इससे पहले शहर में सुबह से ही बादल छाए हुए थे। सुबह 7 बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई, जो करीब एक घंटे तक चली। इसके बाद 11 बजे फिर से हल्की बारिश शुरू हो गई, जो दो घंटे जारी रही। बारिश के कारण शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। शाम तक शहर से जल निकासी संभव हो सकी।