हिसार। जिले में कई दिनों से बारिश न होने का असर दिखने लगा है। रविवार को दिन का तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री ऊपर पहुंच गया। वहीं भारतीय मौसम विभाग ने भी अगले दो दिनाें तक बारिश की संभावना नहीं जताई है।
रविवार को सुबह से मौसम साफ रहा। धूप निकलने के कारण दिन में उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि दिन ढलने के बाद गर्मी से कुछ राहत मिली। इस दौरान दिन के तापमान में 2.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई और यह 38.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रात के तापमान में भी 1.3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई और यह 26.6 डिग्री रहा। हालांकि रात का तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री नीचे रहा।
14 दिनों में सामान्य से 8 प्रतिशत ज्यादा बारिश
जुलाई के 14 दिनों में जिले में 44.1 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से 8 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं एक जून से अब तक जिले में 68.1 एमएम पानी बरसा है, जो सामान्य से 19 प्रतिशत कम रहा, जबकि इस अवधि में 84.3 एमएम सामान्य बारिश होती है।