हिसार। शहर में मंगलवार शाम हुई प्री मानसून की 30 एमएम बारिश से ही शहर के हालात बिगड़ गए। शहर के मुख्य मार्गों सहित कॉलोनियों में दो से तीन फुट तक पानी भर गया। यही नहीं कई निचले इलाकों में घरों व दुकानों में भी पानी घुस गया। स्थिति यह रही कि देर रात तक मुख्य मार्गों से पानी की निकासी नहीं हो सकी। इस दौरान शहरवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इससे पहले शहर में सुबह मौसम साफ रहा और धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ-साथ धूप तीखी होती गई। मगर दोपहर बाद मौसम बदलने लगा। शाम होते-होते आसमान में काले बादल घिर आए। शाम 5 बजे तेज गति से हवाएं चलने लगीं। करीब सवा पांच बजे बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते मूसलाधार बारिश होने लगी। करीब 6 बजे तक बारिश थम गई। कुछ देर बाद छिटपुट बूंदाबांदी होने लगी और यह भी थोड़ी बाद रुक गई।
इन जगहों पर हुआ जलभराव
औद्योगिक क्षेत्र, जिंदल चौक, मॉडल टाउन, अर्बन एस्टेट टू, सेक्टर 9-11, सेक्टर 13, डाबड़ा चौक, पीएलए, कैमरी रोड, पटेल नगर, राजगढ़ रोड, आईजी चौक, जवाहर नगर, कृष्णा नगर, बैंक कॉलोनी, पुरानी सब्जी मंडी, सैनियान मोहल्ला, बडवाली ढाणी, मिल गेट, सेक्टर 15, ऑटो मार्केट, सेक्टर 14, हाउसिंग बोर्ड।
12 वर्षों में तीसरी बार हुई 30 एमएम बारिश
अगर मई माह में एक दिन में हुई सर्वाधिक बारिश के पिछले 12 वर्षों के रिकॉर्ड पर नजर डाले तो तीसरी बार ऐसा हुआ है, जब 30 एमएम या इससे ज्यादा बारिश हुई है।
वर्ष-तिथि-बारिश
2023-30 मई-30 एमएम
2022-00-0.0 एमएम
2021-21 मई-16.6 एमएम
2020-04 मई-27.6 एमएम
2019-18 मई-69.1 एमएम
2018-16 मई-20.0 एमएम
2017-29 मई-6.4 एमएम
2016-30 मई-27.4 एमएम
2015-14 मई-5.6 एमएम
2014-13 मई-22.4 एमएम
2013-13 मई-0.2 एमएम
2012-13 मई-9.2 एमएम
2011-22 मई-35.2 एमएम
अभी ये हालात तो मानसून में क्या होगा
प्री मानसून की इस बारिश में ही शहर के ये हालात हो गए तो आप सोच सकते हैं कि मानसून में शहर की क्या स्थिति रहेगी। वहीं इस बारिश ने जनस्वास्थ्य विभाग को चेताने का काम किया है कि उसे मानसून की तैयारियों को लेकर कितना काम करना है। हालांकि जनस्वास्थ्य विभाग ने अभी तक मानसून की तैयारियों को लेकर धरातल पर कुछ भी नहीं किया है।
कई एरिया में 5 घंटे बाद भी बहाल नहीं हुई बिजली व्यवस्था
शहर में बारिश शुरू होते ही सभी फीडर बंद कर दिए गए। हालांकि बारिश 6 बजे ही थम गई। मगर बिजली व्यवस्था 5 घंटे बाद भी सुचारू नहीं हो सकी। रात भर शहरवासी बिजली निगम के कर्मचारियों व अधिकारियों से एक ही सवाल पूछते रहे कि आखिर बिजली कब आएगी। कई एरिया में तो लोगों के इनवर्टर भी जवाब दे गए।
हिसार में मंगलवार शाम हुई बारिश से गुजरते वाहन।