हिसार। मंगलामुखी पूर्व पार्षद और महंत के तीन शिष्यों के खिलाफ गुप्तांग काटने का मामला जांच में झूठा निकला। शिकायतकर्ता ने अपनी मर्जी से लिंग परिवर्तन करवाया और फिर मंगलामुखियों के खिलाफ झूठी शिकायत दी थी। पुलिस ने अब मामला खारिज कर झूठी शिकायत देने पर शिकायतकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर ली है।
गौरतलब है कि आजाद नगर थाना पुलिस ने 19 जुलाई को नेता कॉलोनी निवासी 33 वर्षीय हैप्पी की शिकायत पर मंगलमुखी पूर्व पार्षद के शिष्य गंगवा गांव निवासी 65 वर्षीय बिल्लो, बिल्लो के शिष्य शिव चौक निवासी 27 वर्षीय स्माइल व शोभा महंत की शिष्या 61 वर्षीय छम्मिया के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 326, 307 व 34 के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता ने 14 जुलाई को अपनी मर्जी से मलिक चौक स्थित मलिक अस्पताल के प्लास्टिक सर्जन डॉ. संजय श्योराण से अपना लिंग परिवर्तन करवाया था। जांच के दौरान डॉ. संजय श्योराण के बयान दर्ज किए तो उन्होंने शिकायतकर्ता द्वारा अपनी मर्जी से लिंग परिवर्तन करवाने संबंधित दस्तावेज पुलिस को उपलब्ध करवा दिए। मामले के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर अजमेर सिंह से बात की तो उन्होंने कहा कि जांच में यह मामला झूठा मिला है और इस बारे में उच्चाधिकारियों से निर्देशों पर अगली कार्रवाई की जाएगी।