नारनौंद। कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में सीआईए स्टाफ ने मुख्य आरोपी पलवल जिले के गांव मांदकोल निवासी मोहित कौशिक उर्फ दुर्गा को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया। जहां से उसको दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। जस्सी पेटवाड़ को 13 अगस्त को सोशल मीडिया फेसबुक पर मोहित दुर्गा ने सोशल मीडिया पर फेसबुक के माध्यम से जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि तुम आजकल दिग्विजय चौटाला के खिलाफ अलग-अलग टिप्पणी कर रहा है जो की अच्छी बात नहीं है। अगर अभी टिप्पणी की तो तुझे जान से मार दिया जाएगा। नारनौंद थाना प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि आरोपी युवक को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस अलग-अलग पहलुओं पर जांच करने में जुटी हुई है।