हिसार। पेरिस में शुरू हुए पैरालंपिक में हिसार के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी तरुण ढिल्लों का शनिवार को टोक्यो पैरालंपिक में गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी के साथ मुकाबला होगा। यदि तरुण ढिल्लो इस मैच में जीत हासिल कर लेंगे तो वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगे। वहीं, परिवार के सदस्यों को तरुण से स्वर्ण पदक की उम्मीद है।
मूलरूप से गांव सातरोड कला के रहने वाले तरुण ढिल्लो को 2018 से 2022 तक की चार साल की उपलब्धियों के आधार पर अर्जुन अवाॅर्ड मिल चुका है। तरुण ने वर्ष 2018 में एशियन पैरा गेम्स में सिंगल मुकाबले में स्वर्ण और टीम इवेंट में कांस्य पदक हासिल किया था। 2019 में वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिंगल व डबल मुकाबले में रजत पदक पर कब्जा किया था।
बता दें, कि बचपन में गली में दोस्तों के साथ फुटबाल खेलते समय तरुण ढिल्लों के पैर में चोट लगी थी। संक्रमण बढ़ने पर चिकित्सकों ने ऑपरेशन करना पड़ा। एक के बाद एक दो ऑपरेशन होने से काफी समय तक उन्होंने खेल से दूरी बनाए रखी, मगर उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और बैडमिंटन को ही अपना कॅरिअर चुन लिया।