हिसार। कार्यकाल के बचे एक साल में शहर को जाम मुक्त करने की दिशा में कार्य करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके अलावा बेसहारा पशुओं को पकड़ने के अभियान का अभी असर नजर नहीं आ रहा है। इस अभियान में और तेजी लाई जाएगी। यह कहना है शहर के मेयर गौतम सरदाना का। उनका चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर अमर उजाला ने उनसे विशेष बातचीत की, जिसमें उनसे उनके चार साल की उपलब्धियों व अगले एक साल के निर्धारित लक्ष्यों को लेकर सवाल-जवाब किए गए।
मेयर गौतम सरदाना ने कहा कि वैसे तो शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए एलिवेटिड रोड प्रस्तावित है। चूंकि इस प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ने में काफी वक्त लगेगा। तब तक शहर वालों को जाम से कुछ राहत मिले, इसे लेकर एक योजना तैयार की जाएगी। इसके तहत मुख्य सड़कों को चौड़ा किया जाएगा। दिल्ली रोड पर कई ऐसे प्वाइंट हैं, जहां सड़क को चौड़ा किया जा सकता है, जिनमें तलाकी गेट, माल रोड, कैंप चौक व टाउन पार्क शामिल है। इसे लेकर जल्द ही अधिकारियों के साथ मिलकर प्लानिंग की जाएगी और उसे अगले एक साल में सिरे चढ़ाया जाएगा।
स्ट्रीट वेडिंग योजना को चढ़ाया जाएगा सिरे
अगले एक वर्ष में शहर में जगह-जगह रेहड़ी लगाने वालों को जगह उपलब्ध कराई जाएगी, जहां वे बिना रोक-टोक के रेहड़ी लगा सके और अपनी आजीविका कमा सके। इस योजना के सिरे चढ़ने से जाम की समस्या भी कम होगी। बेसहारा पशुओं के पकड़ने के अभियान को और तेजी से चलाया जाएगा ताकि इसका असर भी नजर आए। इसके अलावा स्लाटर हाउस को भी शुरू करवाया जाएगा।
अगले 5 माह में प्रॉपर्टी टैक्स व्यवस्था को पटरी पर लाया जाएगा
मेयर ने कहा कि बेपटरी हुई प्रॉपर्टी टैक्स व्यवस्था को अगले 5 माह में पटरी पर लाया जाएगा। याशी कंपनी की तरफ से किए गए सर्वे में काफी गड़बड़ियां हैं। इसे लेकर हाउस ने प्रस्ताव भी पास किया था। मगर अब निगम प्रशासन इस व्यवस्था को सुधारने में पूरे जी-जान से लगा हुआ है। सफाई व्यवस्था को लेकर नई गाड़ियां खरीदी जा रही है। इसके अलावा 10 वार्डों की सफाई व्यवस्था ठेके पर दी जा रही है। नए टेंडर को लेकर सरकार की तरफ से आईं नई गाइड लाइन के अनुसार शर्तें निर्धारित की गई हैं। टेंडर होने के एक-दो माह के अंदर में शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार नजर आने लगेगा।
डेयरी शिफ्टिंग व मल्टी लेवल पार्किंग प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ने में लगेगा समय
मेयर गौतम सरदाना के मुताबिक डेयरी शिफ्टिंग की मांग काफी पुरानी है। मगर भाजपा सरकार ने इस प्रोजेक्ट को धरातल पर लाने के लिए जमीन उपलब्ध करवाई है। शहर में चल रहीं 406 डेयरियों को यहां शिफ्ट किया जाएगा। चूंकि यह बड़ा प्रोजेक्ट है तो इसे सिरे चढ़ाने में थोड़ा समय लगेगा। वहीं मल्टी लेवल पार्किंग को अब पीपीपी मोड पर ही बनाने को लेकर कार्य किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
निकाय मंत्री से करेंगे बड़े प्रोजेक्ट की मांग
मेयर ने बताया कि शहर के विधायक ही अब निकाय मंत्री हैं तो ऐसे में उनसे उम्मीद है कि वे शहर के लिए एक बड़ा प्रोजेक्ट लेकर आए, जो शहर की एक पहचान भी बने। इसे लेकर भी वह डॉ. कमल गुप्ता से बातचीत करेंगे।