सिवानी मंडी (हिसार)। गांव भेरा के भगत सिंह चौक पर स्थित भगत सिंह की प्रतिमा के प्रथम स्थापना दिवस के उपलक्ष्य मेंं वीरवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम व कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें तमिल थलाइवाज की टीम विजेता रही।
गांव भेरा निवासी भीम व द्रोणाचार्य अवॉर्डी असन कुमार सांगवान ने मुख्य अतिथि और सिंचाई विभाग के एसई सतीश कुमार जनावा ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। आयोजन कमेटी तथा सरपंच रूपेश जनावा व बीडीसी प्रतिनिधि उमेद सहारण सहित गांव के अन्य व्यक्तियों ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता में कबड्डी की राष्ट्रीय स्तर की टीम राजस्थान रॉयल, हरियाणा हैमर, तेलुगु टाइटंस व तमिल थलाइवाज के खिलाड़ियों ने खेल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में तमिल थलाइवाज व तेलुगु टाइटंस के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें तमिल थलाइवाज ने प्रथम स्थान हासिल किया। तेलुगु टाइटंस की टीम द्वितीय स्थान पर व हरियाणा की टीम तृतीय स्थान पर रही। राजस्थान की टीम को चौथा स्थान मिला। विजेता टीमों को अतिथियों ने ट्रॉफी सहित पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर तमिल थलाइवाज सीओ मैनेजर जोविन, मास्टर राजपाल सिंह, एसडीओ रमेश, एडवोकेट संदीप चौहान, इनकम टैक्स ऑफिसर धर्मवीर मान, प्रदीप सांगवान, अशोक बुरा, मास्टर प्रदीप कादियान, रमेश फौजी, बलीराम सूबेदार, गजे सिंह, कैप्टन मदन, संजीव बांगरवा, मैच रेफरी पवन, मास्टर रमेश शर्मा, विकास कोच आदि ग्रामीण मौजूद थे।