हांसी (हिसार)। गांव ढाणा कला सरपंच पद का चुनाव 17 वोट से हारे प्रत्याशी हरेंद्र सिंह के सम्मान में रविवार को गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सम्मान कार्यक्रम में ग्रामीणों ने हरेंद्र सिंह को 16 लाख 50 हजार रुपये सहयोग राशि दी। हरेंद्र ने यह धन गांव में सामाजिक कार्यों पर खर्च करने की घोषणा की।
कार्यक्रम में पहुंचे विधायक विनोद भयाना ने कहा कि हलके के सभी गांवों में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर बिना किसी पक्षपात विकास कार्य करवाए जाएंगे। ढाणा कला के ग्रामीणों ने चुनाव हारे प्रत्याशी के सम्मान में समारोह आयोजित कर लोकतंत्र को मजबूती दी है। चुनाव में जीत-हार तो होना ही है। इस तरह के कार्यक्रम से लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूती मिलती है। हरेंद्र यादव ने कहा कि गांव वासियों ने जिस प्रकार का सम्मान दिया है, उसको हमेशा याद रखूंगा।