नगर निगम कार्यालय परिसर में चाय पिलाकर रोष जताते स्ट्रीट वेडर।
हिसार। पीएलए से हटाए गए स्ट्रीट वेंडर मंगलवार को रेहड़ी व सिलिंडर लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान स्ट्रीट वेंडर ने विरोध स्वरूप रेहड़ी पर ही चाय भी बनाकर पिलाई। नगर निगम कायार्लय में पहुंचे स्ट्रीट वेंडर ने बताया कि किसी एडवोकेट की शिकायत पर पिछले दिनों पीएलए मार्केट की पार्किंग में लगने वाली फास्ट फूड की रेहड़ियों को पुलिस प्रशासन ने हटवा दिया था। इस कारण से पिछले 7 से ज्यादा दिनों से उनका काम बंद पड़ा है।
स्ट्रीट वेंडर ने कहा कि पंचकूला में 9 साल पहले स्ट्रीट वेंडर को स्थायी जगह दी जा चुकी है। ऐसे में हिसार में भी स्ट्रीट वेंडर को स्थायी जगह दी जाए। वह सभी गाइडलाइन का पालन करने काे तैयार हैं। स्ट्रीट वेंडर के प्रदर्शन को देखते हुए सचिव प्रशांत पाराशर उनके बीच पहुंचे। इस अवसर पर पार्षद अमित ग्रोवर ने कहा कि शहर के बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर हैं। इनमें से कुछ एक जगह खड़े होकर और कुछ चलते फिरते हुए सामान बेचते हैं। इन्हें न हटाया जाए। निगम प्रशासन को ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए, जिससे इनका व्यवसाय बना रहे और सफाई व ट्रैफिक के नियमों का पालन भी हो। इस पर सचिव ने कहा कि वह इस बारे में बुधवार को संयुक्त सचिव से बातचीत करेंगे और कोई व्यवस्था बनाने का प्रयास करेंगे।