हिसार। मिल गेट रोड जल्द ही रात के समय जगमगाएगी। इसके लिए रोड पर जल्द ही स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। बीएंडआर ने एस्टीमेट मंजूरी के लिए भेज दिया है। इसके बाद डिटेल एस्टीमेट और फिर डीएनआईटी (डिटेल नोटिस इनवाइटिंग टेंडर) तैयार किया जाएगा। डीएनआईटी को मंजूरी मिलते ही टेंडर लगा दिया जाएगा।
बता दें कि मिल गेट फोरलेन रोड का पुनर्निर्माण किया गया है। इस रोड पर नई स्ट्रीट लाइट लगाई जानी भी प्रस्तावित है। चूंकि स्ट्रीट लाइट बाद में नगर निगम को सौंप दी जाएंगी। इसके लिए बीएंडआर ने नगर निगम से स्ट्रीट लाइट लगाने की अनुमति मांगी थी। इन लाइट के लिए बिजली मीटर नगर निगम के नाम पर ही लगेगा।
करीब 37 लाख रुपये आएगा खर्च
इन लाइट के लिए 37.37 लाख रुपये का रफ कॉस्ट एस्टीमेट बनाया गया है। इसके तहत 8 मीटर के 71 स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जाएंगे, जिनमें 90-90 वॉट की 142 एलईडी लाइट लगेंगी।
सूर्य नगर आरओबी व आरयूबी में स्ट्रीट लाइट लगाने का टेंडर अलॉट
उधर सूर्य नगर आरओबी व आरयूबी में स्ट्रीट लाइट लगाने का टेंडर अलॉट कर दिया गया है। चूंकि अभी निर्माण कार्य जारी है तो इसके बाद ही स्ट्रीट लाइट लगाने का काम किया जाएगा। यहां स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 90 लाख रुपये की प्रशासनिक अनुमति मिली थी।
कैमरी फोरलेन रोड पर काफी समय से स्ट्रीट लाइट पड़ी है खराब
कैमरी फोरलेन रोड पर आरओबी से पहले काफी संख्या में स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। इस कारण दिन ढलते ही रोड पर अंधेरा छा जाता है और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों की मानें तो विभाग खराब पड़ी लाइट की सुध ही नहीं ले रहा है।
मिल गेट रोड पर स्ट्रीट लाइट लगाने को लेकर एस्टीमेट मंजूरी के लिए भेजा हुआ है। सूर्य नगर आरओबी व आरयूबी पर लाइट लगाने का टेंडर अलॉट कर दिया है। कैमरी रोड पर खराब पड़ीं स्ट्रीट लाइट को ठीक करवाया जाएगा। - परमेश जांगड़ा, एक्सईएन, बिजली शाखा, बीएंडआर।