हरियाणा के हिसार जिले के एक गांव में रहने वाली कथा वाचिका से सिरसा के युवक ने दुष्कर्म किया। आरोपी ने पीड़िता को मशहूर कथा वाचिका से मिलवाने और मांग में सिंदूर भरकर शादी का झांसा दिया। इसके बाद आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो व फोटो खींच लिए। विरोध करने पर युवक ने फोटो पीड़िता के गांव के सरपंच और परिचितों के पास भेज दिया। शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता का कहना है कि वह शहर के एक शिक्षण संस्थान में पढ़ती है। पढ़ाई के साथ-साथ हरि की कथाएं करती हैं। 25 सितंबर 2022 को राजस्थान में मुक्ति धाम में पूजा पाठ के लिए गई थी। वहां पर कार्यक्रम के बाद कई प्रशंसक मिलने के लिए आए।
इस दौरान सिरसा के सोनू ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद आरोपी ने कहा कि वह मशहूर कथा वाचिका का निजी गाड़ी चालक है। वह उसे उनसे मिलवा सकता है। इसके बाद 24 नवंबर 2022 को शहर के नागरिक अस्पताल के सामने बुलाया और एक होटल में ले गया। इसके बाद चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी ने उसका वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद उसने कई बार गलत काम किया। एक बार आरोपी उसे अपने गांव ले गया और गाड़ी में उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी का झांसा दिया। एक बार उसने उससे मिलने से इन्कार कर दिया तो आरोपी ने उसकी फोटो गांव के सरपंच और अन्य परिचितों के पास भेज दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।