बरवाला मरीज को अग्रोहा मेडिकल के लिए एंबुलेंस में ले जाते अस्पताल के कर्मचारी।
बरवाला। नागरिक अस्पताल की एक स्टाफ नर्स पर मरीज को अस्पताल में दाखिल न करने, जबरदस्ती उसको व्हील चेयर पर बैठा कर अस्पताल से बाहर भिजवाने व मरीज के तीमारदारों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप क्षेत्रवासियों ने लगाए हैं। मामले के संबंध में क्षेत्र के लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता को एक शिकायत भी भेजी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को करीबन तीन बजे वार्ड 8 निवासी 38 वर्षीय सुभाष हाल आबाद टोहाना में रह रहा है। वह टीबी की बीमारी से ग्रस्त है। शहर के नागरिक अस्पताल में अपने इलाज के लिए पहुंचा तो उसे किसी भी चिकित्सक व कर्मचारी ने तवज्जो नहीं दी। परेशान सुभाष रात भर अस्पताल परिसर में ही पड़ा रहा, लेकिन उसे किसी ने उपचार देने की जहमत नहीं उठाई। वीरवार सुबह अस्पताल परिसर में पड़े सुभाष को अस्पताल की स्टाफ नर्स ने देखा तो उसने उसका इलाज करने या उसे अस्पताल में दाखिल करने के बजाय एक कर्मचारी को कह कर उसे व्हीलचेयर पर बिठवा कर अस्पताल परिसर से बाहर भिजवा दिया। इस दौरान रोगी को सांस लेने में काफी दिक्कत होने लगी। तब अस्पताल के बाहर बैठे रोगी की हालत आसपास के लोगों ने देखी तो क्षेत्र के लोग अस्पताल परिसर में मरीज को लेकर चले गए। वहां उन्हें अस्पताल की स्टाफ नर्स सुमित्रा मिली। आरोप है कि सुमित्रा ने मरीज के साथ आए लोगों के साथ काफी अभद्र व्यवहार किया व उन्हें मरीज की सहायता करने को लेकर काफी भला बुरा कहा। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका चेयरमैन रमेश बैटरीवाला को व अन्य गणमान्य लोगों को मौके पर बुला लिया। मौके पर पहुंचे इन सभी ने एसएमओ डॉ. परमजीत सिंह से बात की। तब कहीं जाकर सुभाष को अस्पताल में दाखिला मिला। इस सबके बावजूद मरीज को अग्रोहा मेडिकल में उपचार के लिए भेज दिया गया। लोगों में स्टाफ नर्स सुमित्रा के प्रति काफी रोष है। लोगों का कहना है कि इस नर्स का आए दिन किसी न किसी कर्मचारी अथवा आम नागरिक के साथ विवाद रहता है। यह स्टाफ नर्स मरीजों के साथ भी दुर्व्यवहार करती है। नर्स पिछले काफी सालों से बरवाला में ही सेवाएं दे रही है। इस लिए क्षेत्र के लोगों ने मांग की है कि अस्पताल की स्टाफ नर्स व मरीज को व्हीलचेयर पर बैठाकर बाहर छोड़ने वाले कर्मचारी व उसे दाखिल न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मामला उनके संज्ञान में आया है। सोमवार को अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचेंगे। उसमें यदि इस तरह की लापरवाही सामने आई तो उन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -