विधायक विनोद भ्याना से बातचीत करते हुए मोहल्लेवासी।
- फोटो : Hisar
हांसी। शुक्रवार की दोपहर तीन बजे त्रिकोणा पार्क के पास तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से साइकिल सवार नौ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। लोगों ने ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। शाम 6 बजे लोगों ने चारकुतुब के पास हांसी-बरवाला रोड जाम कर दिया। करीब सात बजे विधायक विनोद भयाणा भी पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया।
लोगों ने बताया कि दोपहर तीन बजे संजीव उर्फ छोटू बिढ़लान का नौ वर्षीय पुत्र विरुद्घ साइकिल से जा रहा था। इस दौरान उधर से निकली तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। सड़क जाम कर रहे लोगों का कहना था कि जिस जगह पर हादसा हुआ है वहां स्पीड ब्रेकर नहीं है, जबकि विधायक के घर के आगे स्पीड ब्रेकर बनाया हुआ है। इतना नहीं इस रास्ते से ओवरलोड वाहन निकलते हैं, जिस कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। पिछले हफ्ते भी एक दुर्घटना घटी थी। लोगों ने मृतक के परिवार वालों को मुआवजा देने की मांग की।
मौके पर विधायक विनोद भयाणा ने पीडब्लूडी के कार्यकारी अभियंता को शनिवार तक ब्रेकर बनाने के आदेश दिए। साथ ही लोगों को आश्वासन दिया कि वे इस रोड से ओवरलोड वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगवाने के लिए अफसरों को निर्देशित करेंगे। उसके बाद जाम खत्म कर रास्ता खोल दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। मृत बच्चे के पिता संजीव उर्फ छोटू बिढ़लान की शिकायत पर पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
-----
कैंटर की टक्कर से बाइक सवार की मौत
सिवानी मंडी। गांव बख्तावरपुरा के पास एक कैंटर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान ईशरवाल निवासी भूराराम के रूप में हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में ईशरवाल निवासी बलजीत ने बताया कि उसका चाचा भूराराम सिवानी से ईशरवाल अपनी बाइक की जा रहा था। उसकी बाइक भी भूराराम की बाइक के पीछे ही थी। तभी गांव बख्तावरपुरा के पास सामने से आ रहे कैंटर ने उसके चाचा भूराराम की बाइक में टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही भूराराम की मौत हो गई। कैंटर चालक मौके से भाग गया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भिवानी ले गई।