सिवानी मंडी। ईशरवाल की स्पेशल स्टाफ टीम ने गांव कालोद से भेड़ चोरी के पुराने मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला एक जुलाई की रात का है जब गांव कालोद निवासी कृष्ण की भेड़ें उनके बाड़े से चोरी हो गई थीं। शिकायतकर्ता की रिपोर्ट पर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। स्पेशल स्टाफ ईशरवाल के जांच अधिकारी प्रदीप कुमार की टीम ने दो आरोपियों लोहारू के वार्ड नंबर नौ निवासी सिंटू और गांव झांझड़ा टोड़ा निवासी संजय कुमार को दबोचा है। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए। पुलिस का कहना है कि इस चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। संवाद