हिसार । प्रदेश के ऐतिहासिक पुरातत्व स्थल राखीगढ़ी और अग्रोहा धाम भ्रमण की चाह रखने वाले लोगों के लिए बस की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने नई दिल्ली के हरियाणा भवन में आयोजित एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम के दौरान चंडीगढ़ और दिल्ली से बसें चलाए जाने की शुरुआत की। यह बस चंडीगढ़ के सेक्टर-17 बस स्टैंड व दिल्ली के अंतरराज्यीय बस अड्डा कश्मीरी गेट से रवाना होंगी। ये बसें पूरे दिन के टूर के अंर्तगत पहले राखीगढ़ी में पुरातत्व से संबंधित संग्रहालय स्थल पर पहुंचेगी और इसके बाद अग्रोहा धाम जाएंगी।
बता दें कि भारत की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक सिंधु घाटी की सभ्यता के प्रमाण राखीगढ़ी की खुदाई के दौरान मिले हैं। भारतीय पुरातत्व से जुड़ा यह एक अहम स्थल है। अग्रोहा धाम भी एक ऐतिहासिक स्थल है और वहां पर भी एक भव्य संग्रहालय विकसित किया जाएगा, जो हरियाणा के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक खजाने को संरक्षित तथा प्रस्तुत करने का केन्द्र होगा। राखीगढ़ी और अग्रोहा धाम का दौरा एक शैक्षिक अनुभव के समान होगा और एक सांस्कृतिक तथा ऐतिहासिक गंतव्य के रूप में अग्रोहा के महत्व को बढ़ावा देगा।
सीएम ने महाराजा अग्रसेन को बताया भामाशाह
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि दानवीर के रूप में दो ही नाम सामने आते हैं-दानवीर कर्ण और महाराजा अग्रसेन। महाराजा अग्रसेन समाज के भामाशाह रहे हैं। यहीं गुण अग्रवाल व वैश्य समाज में आज भी है। वैश्य समाज के लोग दान देने की प्रवृति रखते है जो कि अच्छी बात है।